– जनसंघ नेता गिरिराज किशोर का निधन, मुख्यमंत्री एवं पार्टी नेताओं ने विश्राम घाट पर दी अंतिम विदाई
भोपाल, 8 जून (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक सदस्य, खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता गिरिराज किशोर का मंगलवार को निधन हो गया था। उनकी अंतिम यात्रा बुधवार को उनके निज निवास शक्ति नगर से सुभाष विश्राम घाट पहुंची। गिरिराज जी के पुत्र राकेश गौतम ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान ने विश्राम घाट पर शोक सभा में स्व. गिरिराज किशोर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि श्रद्धेय गिरिराज जी के निधन से आज श्रमिक, कमजोर तबके ने अपनी एक आवाज खो दी है। एक राष्ट्र, एक विचार और समाज के लिए वे हमेशा समर्पित थे।
मुझे कार्यकर्ता बनाया, मेरा निर्माण किया
मुख्यमंत्री ने उनके जीवन से जुड़े अनुभव बताते हुए कहा कि गिरिराज जी का मुझ पर असीम स्नेह था, उन्होंने मुझे कार्यकर्ता बनाया, मेरा निर्माण किया। मैं आपातकाल में उनके साथ जेल में था। जेल के बाद जब कार्यकर्ताओं की कमी थी, तब गिरिराज जी जैसे लोग एक-एक कार्यकर्ता को ढूंढ-ढूंढकर काम में लगाते थे। तब मैं पार्टी का काम करने के लिए ठाकरे जी के पास भोपाल आ गया। ठाकरे जी ने मुझे गिरिराज जी को सौंप दिया। उस समय से गिरिराज जी से मेरा संपर्क और संवाद बना हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरिराज जी एक ऐसे समर्पित कार्यकर्ता थे, जिन्होंने कभी भी अपने बारे में नहीं सोचा। वे हमेशा फक्कड़ रहे। वे भाजपा में कार्यकर्ता और संघ में स्वयंसेवक के नाते लगातार जीवन पर्यन्त जुटे रहे।
गिरिराज जी का जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति है
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्व. गिरिराज किशोर जी का सम्पूर्ण जीवन संगठन की सेवा और संगठन के निर्माण में बीता, वे ऐसे कमल पुष्प थे, जिन्होंने असंख्य कमल के खिलने की कामना के साथ स्वयं को नींव के पत्थर की तरह समाये रखा। ऐसे महामानवों के कारण आज जनसंघ के बाद भारतीय जनता पार्टी एक विराट स्वरूप में खड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि गिरिराज जी का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। वे मेरे लिए पिता तुल्य एवं बड़े भाई के समान थे।
शोक सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेता विभीषण सिंह, तपन भौमिक, पूर्व विधायक रमेश शर्मा गुट्टू भैया, विधायक कृष्णा गौर, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, भरत चतुर्वेदी, संतोष शर्मा, सुरेन्द्र द्विवेदी, स्व. गिरिराज किशोर के दामाद ऋषि पाण्डे, वरिष्ठ पत्रकार गिरीश उपाध्याय, राघवेन्द्र सिंह, राजेश चतुर्वेदी, दिनेश निगम त्यागी, राकेश अग्निहोत्री, अश्विनी मिश्रा, धर्मेन्द्र पैगवार, करनेल सिंह, सुरेन्द्र वाडिका, श्याममोहन श्रीवास्तव, हरिओम जटिया, रमेश दांगी, शोभराज सुखलानी, जितेन्द्र शुक्ला, केवल मिश्रा, सुनील द्विवेदी, अजय सोनी सहित सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने संवेदनाएं व्यक्त करते हुए स्व. गिरिराज जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।