आलीराजपुर, 22 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय पर बुधवार सुबह अपर कलेक्टर सीएल चनाप एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। सुबह की सैर पर पैदल निकले चनाप को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।बताया जा रहा है कि उनके बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया है। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में इंदौर रैफर किया गया है। पुलिस ने आरोपित बाइक चालक कालू नाम के युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की। कोतवाली पुलिस के अनुसार हादसे में कालू के भी सिर पर चोट आई है। युवक का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, एसपी मनोजकुमार सिंह, एसडीएम लक्ष्मी गामड़, एसडीओपी श्रद्धा सोनकर सहित अन्य अफसर-कर्मचारी जिला अस्पताल पहुंच गए।