– स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने को लेकर लिया गया निर्णय
फिरोजाबाद, 06 जून (हि.स.)। जनपद में बनने वाले आलू चिप्स उत्पादक की बिकी को बढ़ावा देने व इससे जुड़े समूहों की महिलाओ को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिये सोमवार को मंडलायुक्त ने सरकारी बैठकों, गोष्ठियों आदि में आर्क चिप्स का उपयोग करने के निर्देश दिये है।
उपायुक्त स्वतः रोजगार राजेश कुमार कुरील ने बताया है राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अन्तर्गत गठित स्वयं सहायता समूह की महिला कृषकों द्वारा जनपद के विकास खंड शिकोहाबाद के सुहाग नगरी महिला प्रेरणा कृषक उत्पादक कंपनी लिमिटेड के नाम से एक एफ.पी.ओ. का गठन किया गया है। जो कम्पनी एक्ट 2013 के अन्तर्गत रजिस्टर है। इस एफ.पी.ओ. द्वारा विकास खण्ड शिकोहाबाद के ग्राम दिखतौली में आलू चिप्स उत्पादन की इकाई स्थापित की गयी है, जिसमें अत्याधुनिक मशीनरी का उपयोग कर उच्चतम् गुणवत्ता के आलू चिप्स का उत्पादन किया जा रहा है। इस इकाई से निकलने वाले प्रत्येक चिप्स पैकेट की कीमत 5 रूपये रखी गयी है। उत्पाद का विपणन ‘‘आर्क‘‘ ब्राण्ड नाम से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसकी बिक्री को बढ़ावा देेने के लिए मण्डलायुक्त आगरा ने निर्देश दिए है कि आलू चिप्स उत्पाद को शासकीय अधिकारियों द्वारा अपने कार्यालय से सम्बन्धित बैठकों, गोष्ठियों आदि में उपयोग कर एवं विभागीय कैन्टीन में इसकी बिकी को बढ़ावा देकर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में अपना अतुलनीय योगदान दिया जा सकता है। इसके साथ ही मण्डल के अन्य जनपदों के अधिकारियों का सहयोग आर्क चिप्स उत्पाद को स्थापित करने में अत्यधिक-सहायक होगा। साथ ही मण्डल के समस्त जनपदों के शासकीय कार्यालयों के अधिकारियों को अपने कार्यालय से सम्बन्धित बैठकों, गोष्ठियों आदि में आर्क आलू चिप्स का उपयोग करने एवं विभागीय कैन्टीनों सरकारी व निजी में ‘‘आर्क‘‘ आलू चिप्स की बिक्री को बढ़ावा देने हेतु निर्देशित किया है।
उन्होंने अपने निर्देशों में कहा है कि आगामी 06 माह तक जनपद, मण्डल स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठकों, गोष्ठियों आदि में अल्पाहार हेतु यदि आलू के चिप्स का उपयोग किया जाना हो तो ‘‘आर्क‘‘ आलू चिप्स का ही उपयोग किया जाये ताकि इस उत्पाद से जुड़े समूहों की महिलाऐं आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकें।