– पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में 18 से 21 जून तक होगा योग
झांसी,16 जून (हि.स.)। जिन विभूतियों ने देश को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अपने सर्वस्व न्यौछावर किया है। उनके बलिदानों को हम कैसे भुला सकते हैं। यही कारण है कि इस बार का अष्टम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आजादी के शहीदों को समर्पित किया गया है।
इसको देखते हुए वीरांगना लक्ष्मीबाई के ऐतिहासिक किला प्रांगण राव गंगाधर कला मंच मुक्त काशी मंच पर चार दिवसीय योग का आयोजन किया गया है। पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में झांसी नगर निगम सह प्रायोजक के रूप में अपनी सहभागिता करेगा। यह जानकारी महापौर रामतीर्थ सिंघल व श्याम बुधौलिया ने संयुक्त रूप से दी।
उन्होंने बताया कि आजादी के 75 में अमृत महोत्सव पर इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का महत्व और भी बढ़ जाता है। पिछले 2 वर्ष कोरोना महामारी के कारण सामाजिक आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी त्रासदी से हम लगभग उबर चुके हैं। फिर भी इसका दुष्परिणाम से शरीर में अनेकों विकृतियों एवं लोगों ने देश की बहुत बड़ी जनसंख्या को अपने आगोश में ले लिया है।
बताया कि कोरोना महामारी के कारण शरीर में आई विकृतियों एवं रोगों जैसे रक्तचाप,मधुमेह, दमा, अस्थमा, कमर एवं घुटनों के दर्द, थायराइड, मोटापा, कानों से कम सुनाई देना, आंखों के लिए अचूक तर्पण, नींद की समस्या, माइग्रेन,आदि के निदान हेतु आसन प्राणायाम, पंचकर्म आदि क्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त आसक्त रोगों के निदान के लिए आयुर्वेद की विलुप्त होती जा रही प्राचीन उपचार पद्धति की भी जानकारी दी जाएगी।
बताया कि चार दिवसीय योग 18 जून से 21 जून तक प्रतिदिन प्रातः 5:00 बजे से 7:00 बजे तक किया जाएगा। इसमें करीब 5 हजार लोग शामिल होंगे। योग दिवस को आधा दर्जन से अधिक योगाचार्यों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर वंदना वर्णवाल व नरेश शुक्ला आदि उपस्थित रहे। आभार रविकांत दुबे ने व्यक्त किया।