जेसीआई इंडिया एनजीओ के बच्चों व स्टॉफ को कानपुर मेट्रो ने कराई राइड

Share

– मोतीझील स्टेशन पर मैजिक और पपेट शो का भी बच्चों ने उठाया लुत्फ

कानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लि. (यूपीएमआरसी) ने गुरूवार को जूनियर चैंबर इंटरनेशनल (जेसीआई) इंडिया के जूनियर विंग के बच्चों, उनके अभिभावकों और स्टाफ सदस्यों को मेट्रो राइड कराई। मोतीझील स्टेशन से आईआईटी स्टेशन तक मेट्रो राइड का बच्चों के साथ सभी ने जमकर लुत्फ उठाया।

आईआईटी से पुनः मोतीझील स्टेशन पर वापसी करने के बाद, बच्चों के लिए मैजिक और पपेट शो का भी आयोजन कराया गया। कानपुर मेट्रो स्टाफ़ के सहयोग के लिए जेसीआई के बच्चों और अन्य सभी सदस्यों ने मेट्रो कॉर्पोरेशन को धन्यवाद दिया।

कानपुर मेट्रो प्रबंधन द्वारा आज शाम लगभग 4.30 बजे जेसीआई इंडिया की 60 सदस्यीय टीम ने मोतीझील स्टेशन से मेट्रो यात्रा की शुरुआत की। मेट्रो यात्रा के दौरान कानपुर मेट्रो के ऑपरेशन्स स्टाफ ने सभी मेहमानों को मेट्रो स्टेशनों और मेट्रो ट्रेन में मौजूद यात्री सुविधा की सभी व्यवस्थाओं और ट्रेन में यात्रियों की मदद और सुरक्षा के लिए किए गए सभी इंतजामों के बारे में विस्तार से समझाया।

मेट्रो स्टाफ द्वारा जेसीआई इंडिया की टीम को बताया गया कि मेट्रो परिसर और ट्रेन सभी यात्रियों के लिए पूरी तरह से सुरक्षित हैं और एक आम नागरिक होने के नाते मेट्रो ट्रेन से यात्रा कर हम सभी न सिर्फ एक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ उठाते हैं, बल्कि साथ ही साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपना परोक्ष योगदान देते हैं। क्योंकि मेट्रो ट्रेन एक प्रदूषण मुक्त सार्वजनिक यातायात का साधन है।

यूपीएमआरसी समय-समय पर उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण और विभिन्न स्वयं-सेवी और गैर-लाभकारी संगठनों के लिए मेट्रो यात्रा का आयोजन कराता रहता है। यूपीएमआरसी का मानना है कि इस तरह से आम जनता के साथ एक गहरा और विश्वसनीय संबंध स्थापित होता है और साथ ही, लोग मेट्रो सेवाओं के लाभ के बारे में अच्छी समझ बना पाते हैं।