राज्य आंदोलनकारियों के अनुरूप उत्तराखंड का होगा विकास: मुख्यमंत्री

Share

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को शहीद स्थल कचहरी में उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखंड के विकास के लिए सरकार संकल्पित है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय राज्य रक्षा और पर्यटन मंत्री अजय भट्ट ने शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारियों के संघर्ष के परिणामस्वरूप ही हमें नया राज्य मिला। शहीद राज्य आन्दोलनकारियों के सपने के अनुरूप राज्य का विकास हो, इसके लिए सरकार प्रयासरत है। उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार कृतसंकल्प है।

उन्होंने कहा कि राज्य आन्दोलनकारियों के आश्रितों (पति,पत्नी) को भी राज्य आन्दोलनकारी की मृत्यु के पश्चात 3100 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने के लिए शासनादेश जारी किया गया है। 31 दिसंबर तक छूटे राज्य आन्दोलनकारियों का चिन्हीकरण कार्य जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का आदर्श राज्य बनाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना है, जिससे कि राज्य आन्दोलन के शहीदों के सपनों के अनुरूप प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया जा सके। राज्य सरकार राज्य आन्दोलनकारियों के कल्याण के लिए वचनबद्ध है।