नैनीताल उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति मिश्रा ने ली पद शपथ

Share

नैनीताल: न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्रा ने सोमवार को उत्तराखंड के नैनीताल उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आरएस चौहान ने उन्हें अपने न्यायालय में शपथ दिलाई।

न्यायमूर्ति मिश्रा अब उत्तराखंड उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश के बाद दूसरे सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश हो गए हैं। साथ ही उनके आने के बाद अब उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या आठ हो गई है। जबकि दो पद अब भी रिक्त बताए गए हैं। इस मौके पर न्यायमूर्ति शरद शर्मा, न्यायमूर्ति आरसी खुल्बे, न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी आदि मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि न्यायमूर्ति मिश्रा उड़ीसा के बोलांगीर के निवासी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एमकॉम एवं एलएलबी की डिग्री ली है। मार्च 1988 से बोलांगीर जिला न्यायालय से अपने पिता मार्कंड मिश्रा के संरक्षण में प्रैक्टिस शुरू करने के बाद 1999 में जिला जज की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 7 अक्टूबर 2009 को वह उड़ीसा उच्च न्यायालय में न्यायाधीश बने और अब उत्तराखंड उच्च न्यायालय के लिए स्थानांतरित हुए हैं।