महिला हॉकी टीम के हारने पर वंदना कटारिया के घर के बाहर आतिशबाजी, मुकदमा दर्ज

Share

हरिद्वार :- टोक्यो ओलंपिक में जहां पूरा देश अपने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहा, वहीं कुछ ऐसे भी लोग है जो देश से अधिक व्यक्तिगत ईर्ष्या को अधिक महत्व देते हैं।

हुआ यूं कि भारत और अर्जेंटीना के बीच हुए महिला हॉकी मुकाबले में भारतीय टीम की हार के बाद एक युवक ने हरिद्वार निवासी भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य वंदना कटारिया के घर के बाहर आतिशबाजी करने लगा। आतिशबाजी करने पर युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित युवक सहित तीन लोगों के खिलाफ सिडकुल थाने में शांतिभंग और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बुधवार को टोक्यो में चल रहे ओलंपिक खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम का अर्जेंटीना के साथ मुकाबला था। मुकाबले में अर्जेंटीना ने भारतीय महिला हॉकी टीम को 2-1 से हरा दिया। हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के परिवार से रंजिश रखने वाले विक्की पाल ने टीम के हारने पर वंदना कटारिया के घर के बाहर आतिशबाजी की। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपित विक्की पाल को हिरासत में ले लिया। वंदना कटारिया के भाई की तहरीर पर तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।