राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयं सेवक अभियान के माध्यम से भाजपा लोगों को कर रही जागरूक

Share

देहरादून :- कोरोना काल तथा अन्य बीमारियों की दृष्टि से जनजागरण करने हेतु भारतीय जनता पार्टी की ओर से राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयं सेवक अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संयोजक बनाकर सेवा का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट इस योजना के संयोजक हैं जबकि प्रख्यात चिकित्सक डॉ. आदित्य कुमार संयोजक के रूप में व प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, किरन देवी तथा आईटी सेल के एक सदस्य को संयोजक बनाया गया है।

प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट ने प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयं सेवक अभियान के अंतर्गत पूरे देश में प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर रहे हैं ताकि कोरोना महामारी जैसे कालखंड में लोगों को सचेत किया जा सके।

भट्ट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है जो जिम्मेदार दल के रूप में समसामयिक गतिविधियों को संचालित करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता राजनीतिक गतिविधियों के अलावा 24 घंटे 365 दिन सेवा कार्यों में सक्रिय रहता है, सामाजिक सरोकारों से जुड़ता है। गत एक वर्ष से कोरोना महामारी के कारण केंद्र नेतृत्व ने इस अभियान को संचालित किया है ताकि समाज को और मजबूत बनाया जा सके।

सुरेश भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनता ने भी कोरोना को हराने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इस भीषण महामारी के दौरान समाज के साथ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अन्य दलों की तुलना में सर्वाधिक सेवा कार्य किया है। प्रधानमंत्री का आह्वान है कि हम सेवा ही संगठन के नाते सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सेवा कार्य करते रहे। भारतीय जनता पार्टी ने उन परिवारों की कोरोना काल में मदद की जिनके अपने भी साथ छोड़ रहे थे।

उन्होंने कहा कि कोरोना की पहली और दूसरी लहर के बीच यह सेवा कार्य किए गए। भारी संख्या में हमने अपने कार्यकर्ताओं को खोया। विशेषज्ञों के अनुसार तीसरी लहर आने को तैयार है जिसके लिए तैयारी जरूरी है। केंद्र से लेकर बूथ स्तर तक इस तरह की समितियों का निर्माण हो रहा है जो राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयं सेवक अभियान के माध्यम से समाज की पीड़ा दूर करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर दो कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। 28 जुलाई को देशभर के पांच-पांच कार्यकर्ताओं को दिल्ली में प्रशिक्षित किया गया। 6 अगस्त को देहरादून में प्रात: 10 बजे से यह प्रशिक्षण प्रारंभ होगा। इसके बाद जिलों, मंडलों तथा बूथों तक कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण होगा। अगस्त माह में यह अभियान पूर्ण कर लिया जाएगा।