कोरोना ने बदली शादी की रस्म, दुल्हन बारात लेकर पहुंची दूल्हे के घर

Share

पूर्व प्रधान ईश्वरी दत्त भट्ट ने बताया कि स्वाला गांव निवासी ईश्वरी दत्त (25) पुत्र स्व. दिलेराम की शादी कुछ समय पूर्व रायनगर चौड़ी, लोहाघाट निवासी प्रीति पुत्री केशव दत्त के साथ तय हुआ। शादी के लिए दोनों परिवारों ने तैयारियां शुरू कर दी। कोरोना का प्रकोप ऐसा बढ़ा कि स्वाला गांव में चार दिन पूर्व एक साथ 47 लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद प्रशासन ने उसे माइक्रो कंटेनमेंट जोन बना दिया। इससे शादी को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग असमंजस में पड़ गए। दूल्हे के बारात लेकर लोहाघाट न जाने पर दुल्हन पक्ष ने इसका हल निकाला।

कोरोना महामारी के चलते अभी तक पीपीई किट या बारात की संख्या में कमी की खबरें सुनने को मिलती रही हैं। पर अब महामारी ने विवाह की रस्मों को भी बदलना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को जिले के एक गांव में ऐसा ही एक अनोखा मामला देखने को मिला, जब दुल्हन बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंची। पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह की सारी रस्में संपन्न हुईं। इसके बाद दुल्हन ससुराल में रुक गई और सभी के साथ माता-पिता वापस घर जाकर होम आइसोलेट हो गए।