नोएडा पुलिस ने प्रियंका गांधी से बदसलूकी के लिए मांगी माफी, दिए जांच के आदेश

Share

नोएडाः- कथित तौर पर, हाथरस में 14 सितंबर को उच्च जाति के चार युवकों ने 19 वर्षीय एक दलित युवती से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया था। मंगलवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पीड़िता की मौत हो गई, जिसके बाद बुधवार तड़के उसके शव का दाह-संस्कार कर दिया गया।

शनिवार को प्रियंका, राहुल गांधी और अन्‍य कांग्रेस नेताओं के साथ पीड़ित के परिजनों से मिलने दिल्‍ली से हाथरस जा रही थीं। उस वक्त DND पर हुए हंगामे के दौरान एक पुलिसकर्मी ने प्रियंका गांधी का कुर्ता पकड़कर खींचा था और बदसलूकी की थी।

उसके बाद सोशल मीडिया पर वह तस्वीर वायरल हो रही है। नोएडा पुलिस ने कहा, उस पुलिसमैन के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए हैं जिसने DND फ्लाइओवर पर प्रियंका गांधी से बदसलूकी की थी। इसी मामले में गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से माफी मांगी है।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को राहुल और प्रियंका के हाथरस के लिए निकलने के समय दिल्ली-उप्र सीमा पर भारी हंगामा देखने को मिला था। कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बड़ी संख्या में जमा होने तथा पुलिस के साथ उनकी नोकझोंक हुई तथा पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।

इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के शनिवार को हाथरस जाने के दौरान यहां डीएनडी फ्लाईओवर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के कथित तौर पर हंगामा करने को लेकर करीब 500 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर धारा 144 का उल्लंघन करने और महामारी अधिनियम के तहत यह मामला शनिवार देर रात थाना सेक्टर-20 में दर्ज किया गया।

अपर उपायुक्त ने कहा कि इस कारण कांग्रेस की गौतम बुद्ध नगर जिला इकाई के अध्यक्ष मनोज चौधरी सहित करीब चार-पांच सौ कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया तथा धारा 144 व महामारी अधिनियम का उल्लंघन किया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।