औद्योगिक इकाइयों के विस्तार से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर बढ़ेंगे : राज्यपाल

Share

पूर्वी सिंहभूम, 08 सितंबर । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र, जमशेदपुर स्थित सीटीसी प्रेज़िशन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड का दौरा कर कंपनी की कार्यप्रणाली, उत्पादन व्यवस्था और तकनीकी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के क्षेत्र में कंपनी के प्रयासों की जानकारी ली।

इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में इस प्रकार की आधुनिक औद्योगिक इकाई का होना प्रसन्नता का विषय है। राज्य में औद्योगिक विकास की असीम संभावनाएं हैं और आधुनिक तकनीक तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पादन को बढ़ावा देने वाली औद्योगिक इकाइयां राज्य की औद्योगिक क्षमता को और मजबूत करती हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। राज्य में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार से युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ कौशल विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे। उद्योगों और स्थानीय युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इस दिशा में और प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने से राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने उद्योग जगत से स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर प्रयास करने की अपेक्षा व्यक्त की।

राज्यपाल ने सीटीसी प्रेज़िशन टूल्स के प्रबंधन एवं पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह औद्योगिक इकाई भविष्य में भी तकनीक, गुणवत्ता और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास झारखंड को औद्योगिक रूप से और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।————-