अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ के 43 साल पूरे

Share

मुंबई :- बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं। 77 वर्षीय अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर अक्सर अपने फैंस के लिए फिल्म के सेट, अपने स्टार और परिवार की फोटो शेयर करते रहते हैं। दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ को आज 43 साल पूरे हो गए हैं। ‘अमर अकबर एंथनी’ 27 मई, 1977 को रिलीज हुई थी।

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने बुधवार को ट्विटर पर फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ के 43 साल पूरे होने पर कुछ तस्वीरें शेयर की है। इसमें ब्लैक एंड व्हाइट दो थ्रोबैक तस्वीर है। अमिताभ ने लिखा-’43 साल.. !!! .. ‘अमर अकबर एंथनी’ ने उन दिनों में 7.25 करोड़ रुपये कमाए थे। महंगाई दर के मुताबिक अमर अकबर एंथनी ने बाहुबली 2 से ज्यादा कमाई की थी।

70 के दशक में जाने-माने निर्देशक मनमोहन देसाई की सुपरहिट फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ का एक रिकॉर्ड हर किसी को हैरान करता है। ‘अमर अकबर एंथनी’ साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई। आइकॉनिक फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ मुंबई में ही 25 हफ्तों तक 25 स‍िनेमाघरों पर लगी थी। मनमोहन देसाई द्वारा निर्देशित फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ में कई दिग्गजों ने शानदार भूमिका निभाई थी। फिल्म के डायलॉग कादर खान ने लिखे थे। लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल द्वारा संगीत और गीत आनंद बख्शी द्वारा लिखे गए थे। फिल्म में दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन, विनोद खन्ना, परवीन बॉबी, ऋषि कपूर, शबाना आजमी, नीतू सिंह, प्राण और निरूपा रॉय मुख्य भूमिका में थे।

एक्शन कॉमेडी फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ की कहानी बचपन में अलग हुए तीन भाइयों पर केंद्रित है, जिन्हें विभिन्न धर्मों के तीन परिवारों हिन्दू, मुस्लिम और ईसाई द्वारा अपनाया जाता है। एक पुलिसकर्मी बनता है, दूसरा गायक और तीसरा देसी शराब बार का मालिक होता है। इसमें अमर का रोल दिवंगत अभिनेता व‍िनोद खन्‍ना, अकबर का रोल दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर और अमिताभ बच्चन ने एंथनी का किरदार न‍िभाया था। इस फ‍िल्‍म में धार्मिक सहिष्णुता का संदेश भी द‍िया गया था।