नई दिल्ली, 13 नवंबर । टाटा समूह की अगुवाई वाली विमानन कंपनी एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के रियाद और दम्माम के लिए अपनी उड़ानें 30 नवंबर तक निलंबित कर दी हैं। जेद्दाह के लिए सेवाएं 21 नवंबर तक स्थगित रहेंगी।
एयरलाइन के मुताबिक क्षेत्र में मौजूदा तनाव और सुरक्षा हालातों के मद्देनजर, सऊदी अरब के लिए अपनी कुछ उड़ानों को अभी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। कंपनी ने बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 30 नवंबर तक निलंबित रहेंगी। एयर इंडिया ने कहा कि जेद्दा से आने-जाने वाली उड़ानें 21 नवंबर तक निलंबित रहेंगी। जिन यात्रियों के पास 10 नवंबर या उससे पहले की कन्फर्म बुकिंग है, वे उपलब्धता के आधार पर अपनी यात्रा को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के रीशेड्यूल (पुनर्निर्धारित) कर सकते हैं, या बुकिंग रद्द करके पूरा रिफंड ले सकते हैं।
एयरलाइन ने बताया कि एयर इंडिया के यात्री सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी भी चालू स्टेशन से अपनी यात्रा को रीशेड्यूल कर सकते हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री सऊदी अरब या बहरीन में एयर इंडिया एक्सप्रेस के किसी भी चालू स्टेशन से अपनी यात्रा को रीशेड्यूल कर सकते हैं। रियाद और दम्माम की बुकिंग के लिए, नई यात्रा 14 दिसंबर तक पूरी की जा सकती है।
एयर इंडिया ने कहा कि जेद्दा की बुकिंग के लिए नई यात्रा 5 दिसंबर तक पूरी की जा सकती है। यात्रा को रीशेड्यूल करने या रिफंड पाने में मदद के लिए, यात्री हमारी सपोर्ट टीम से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा एयर इंडिया के +91 11 69329333 / +91 11 69329999, एयर इंडिया एक्सप्रेस के +91 124 6935600। मोबाइल नंबर पर यात्री हमारे सिटी बुकिंग ऑफिस के जरिए भी संपर्क कर सकते हैं।
