गृह मंत्रालय की फटकार का असर, दिल्ली दंगों के 800 से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार

Share

नई दिल्ली :- उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों की जांच को लेकर गृह मंत्रालय ने दि‍ल्‍ली पुलि‍स को फटकार लगाई। फटकार के बाद दिल्ली पुलिस ने दंगों की जांच में रफ्तार पकड़ते हुए लॉकडाउन के दौरान 350 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 50 हत्या के आरोप में जबकि 300 दंगों के आरोप में गिरफ्तार किए गए हैं। इन गिरफ्तारियों के साथ अब तक कुल 800 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को फटकार

पुलिस सूत्रों के अनुसार राजधानी में लॉकडाउन घोषित होने के बाद दिल्ली दंगों की जांच कर रही क्राइम ब्रांच ने लापरवाही बरती। उन्होंने उत्तर पूर्वी दिल्ली जाना छोड़ कर घर से काम करना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी जब गृह मंत्रालय को मिली तो उन्होंने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि दिल्ली दंगों की जांच पर लॉकडाउन का कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। 

पुलिस कमिश्नर के आदेश पर हुई गिरफ्तारियां

पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव की तरफ से इसे लेकर क्राइम ब्रांच की एसआईटी के सभी सदस्यों तक सख्त संदेश पहुंचाया गया था। उन्हें निर्देश दिए गए कि दंगों के मामले की जांच नहीं रुकनी चाहिए। इस मामले में गंभीरता से जांच की जाए और आरोपितों को गिरफ्तार किया जाए। सूत्रों की माने तो क्राइम ब्रांच की टीम ने हत्या के मामलों में अब तक कुल 182 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से 50 लॉकडाउन के दौरान गिरफ्तार हुए हैं। वही अब तक दंगे के मामले में 620 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार हो चुकी है।