अप्राकृतिक कुकर्म की शिकार पत्नी ने पति से बेटी पर लगाया गलत नजर रखने का आरोप - सरस जनवाद

अप्राकृतिक कुकर्म की शिकार पत्नी ने पति से बेटी पर लगाया गलत नजर रखने का आरोप

Share

साहिबाबाद। साहिबाबाद क्षेत्र की पप्पू कालोनी में एक महिला के साथ उसी के पति द्वारा जबरन अप्राकृतिक कुकर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पीड़िता ने खुद के शारीरिक शोषण के अलावा बेटी के साथ बलात्कार की संभावना जताते हुए पति के विरूद्ध पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता पप्पू कालोनी की गली नंबर-5 में रहती है जो घरों में झाड़ू-पोछा का कार्य कर अपने बच्चों का पालन पोषण करती है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में अपने पति को शराबी और चरित्रहीन व्यक्ति बताते हुए आरोप लगाया है कि वह उसके साथ जबरन बलात्कार करने के साथ ही अप्राकृतिक कुकर्म करता है। विरोध करने पर पीड़िता को बुरी तरह पीटकर शारीरिक यातनाएं देता है। पीड़िता ने अपने पति पर यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि वह 11 वर्षीय बेटी पर गलत नजर रखता है और उसके संवेदनशील अंगों के साथ छेड़छाड़ करता है। पीड़िता ने इस हरकत को देखते हुए जब भी आपत्ति जाहिर की तब-तब आरोपी पति ने उसे प्रताड़ित किया।

पत्र में पीड़िता ने आशंका जाहिर करते हुए कहा कि उसकी गैरमौजूदगी में कहीं उसका पति बेटी के साथ बलात्कार जैसे घिनौने कृत्य को अंजाम न दे डाले। पीड़िता ने इस मामले में पुलिस से पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।