दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोहित-मयंक ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, शानदार शतक के साथ हिटमैन ने की राहुल द्रविड़ की बराबरी

Share

विशाखापत्तनम। भारत के लिए पहली बार टेस्ट क्रिकेट में ओपनिंग करते हुए रोहित शर्मा हिट साबित हुए। विशाखापट्टनम की बेजान पिच पर मयंक अग्रवाल के साथ पारी की शुरुआत करते हुए रोहित ने अपने बल्ले का दम दिखाया और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा टेस्ट ओपनर के तौर पर बुधवार को पहली बार खेलने उतरे।

लेकिन अपनी इस विशाल पारी के साथ ही रोहित शर्मा पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ की बराबरी भी कर गए गए हैं। रोहित, द्रविड़ के साथ घर में खेले गए टेस्ट मैचों में लगातार सबसे ज्यादा अर्धशतक जमाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। द्रविड़ ने घर में 1997 से 1998 तक टेस्ट में लगातार छह अर्धशतक जमाए। रोहित के भी अब घर में खेले गए टेस्ट में लगातार छह अर्धशतक हो गए हैं। रोहित ने 244 गेंदों पर 176 रन बनाए।

इतना ही नहीं इस पारी के साथ ही रोहित शर्मा का भारत में टेस्ट औसत 98.22 हो गया है। उन्होंने भारत में खेलीं 15 टेस्ट पारियों में 884 रन बनाए हैं। वह भारत में चार शतक और पांच अर्धशतक लगा चुके हैं। उनका यह औसत 10 से ज्यादा पारियां खेलने वाले सभी बल्लेबाजों में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा है। रोहित अब सर डॉन ब्रैडमैन के बराबर पहुंच गए जिन्होंने 50 पारियों में 98.22 के औसत से 4322 रन बनाए थे।

टेस्ट क्रिकेट इतिहास में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत तीसरा ऐसा देश बन गया है जिसके दोनों ओपनर बल्लेबाज़ों ने एक ही पारी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक जमाए हों। रोहित शर्मा(6) और मयंक अग्रवाल(3) ने मिलकर इस पारी में 9 छक्के लगाए। ऐसा टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ है कि भारतीय टीम के दोनों ओपनर्स ने एक पारी में 9 छक्को लगाए हों।

रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पहले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी निभाई है, इन दोनों ने इस पारी में 317 रन जोड़े। हालांकि अब भी सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के नाम है।

टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू ओपनिंग साझेदारी करते हुए भी रोहित और मयंक ने इतिहास रच दिया है, ये दोनों ही बल्लेबाज़ डेब्यू में बतौर ओपनर भारत के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी बनाने वाली जोड़ी बन गए हैं। इन दोनों ने 317 रन जोड़ धवन और विजय के 289 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा, हालांकि इस लिस्ट में भी पहले स्थान पर सहवाग और द्रविड़ बरकरार हैं।