दो भाइयों पर बदमाशों ने बरसाई गोलियां

Share

गाजियाबाद। लोनी स्थित अशोक विहार इलाके में बीती रात घर लौट रहे दो भाइयों को बदमाशों ने गोली मार दी। दोनों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। लोनी थाना क्षेत्र के आशियाना सिटी कॉलोनी में आसिफ और आकिल परिवार के साथ रहते हैं। बीती रात दोनों घर की ओर लौट रहे थे तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी।

गोली मारने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली आसिफ और आकिल के हाथ और पैर में लगी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की माने तो दोनों भाइयों के बयानों में विरोधाभास है।

जांच के दौरान पता चला है कि आसिफ का अपनी पत्नी से मतभेद चल रहा है जिसके कारण वो मायके में रह रही है। आसिफ ने अपने ससुर और साले पर फायरिंग का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।