अच्छी खबर : नोएडा में 1000 प्रौढ़ शिक्षा केंद्र खोल अशिक्षित महिलाओं को बनाया जाएगा ‘हुनरमंद’, होशियारपुर में खोला जाएगा पहला केंद्र

Share

नवरत्न फाउंडेशन संस्था द्वारा 16 वर्ष से नोएडा में गरीब तबके की महिलाओं को सिलाई कढ़ाई का प्रशिक्षण देकर हुनरमंद बनाया जा रहा है। इसी क्रम में अब नोएडा की तमाम फैक्ट्रियों में दूर-दराज से आए ऐसे श्रमिकों को ढूंढा जायगा जो खुद कम पढ़े लिखे हैं, उनकी पत्नियां पूरी तरह से अशिक्षित हैं और अपने बच्चों को गांव के स्कूलों में पढ़ा रहे हैं। सरकारी स्कूल पढ़ने वाले बच्चों की मां व फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों की अशिक्षित पत्नियों को तलाश कर शिक्षित करने में संस्था द्वारा सहयोग दिया जा रहा है। साथ ही संस्था को प्रौढ़ शिक्षा केंद्र खोलने में यदि कही दिक्कत आ रही है, तो उसमें सहयोग दिया जाएगा।

आपको बता दें कि इसके लिए ‘शिक्षित महिला-उन्नतराष्ट्र’ का संकल्प लेकर ‘शिक्षा आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन शहर में किया जाएगा। इसके तहत नोएडा के प्रत्येक सेक्टर, गांव, कॉलोनी समेत तमाम स्थानों पर एक हजार प्रौढ़ शिक्षा केंद्र खोले जाएंगे। इसमें उन अशिक्षित महिलाओं को शिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिन्होंने कभी स्कूल का मुंह तक नहीं देखा। पारिवारिक कारणवश वह शिक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। ऐसी अशिक्षित महिलाओं की शिक्षित करने के लिए नवरत्न फाउंडेशन ने कदम बढ़ाया है।

संस्था ने 1000 प्रौढ़ शिक्षा केंद्र खोलने का निर्णय किया है, इन केंद्रों पर पांच वर्ष में एक लाख अशिक्षित महिलाओं को शिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए संस्था ने नोएडा एंटरप्रिनियोर्स एसोसिएशन का सहयोग लिया है, जिसके तहत ‘शिक्षा आप के द्वार’ कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।

शुरुआती दौर में प्रौढ़ शिक्षा केंद्र उन सेक्टरों में खोला जाएंगे, जहां पर अधिक से अधिक घरेलू सहायिका कार्य कर रही हों। उन कॉलोनियों या गांव जहां पर फैक्ट्री में काम करने वाले प्रवासी श्रमिक रह रहे है। इसके लिए 21 दिन का कोर्स निर्धारित किया गया है। जिसमें प्रतिदिन दो घंटे उन्हें शिक्षा दी जाएगी। होशियारपुर में पहला केंद्र शुरू होने जा रहा है। यहां 30 अशिक्षित महिलाओं के लिए शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी। सेक्टर-26 निवासी 92 वर्षीय मालती बग्गा कार्यक्रम की ब्रांड एंबेसडर हैं।