लंबोदर महतो 24 को करेंगे नामांकन
पुन: लोगों का मन और विश्वास जीतेंगे : लंबोदर महतो
बोकारो, 20 अक्टूबर( हि.स.)। गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो 24 अक्टूबर को बतौर राजग (एनडीए) प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन सभा की तैयारी को लेकर रविवार को कसमार प्रखंड अंतर्गत सिंहपुर इंटर कॉलेज में 8 पंचायतों के सभी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
इसमें बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने एक स्वर से डॉ लंबोदर महतो की पुनः जीत सुनिश्चित करने और आयोजित सभा को ऐतिहासिक बनाने का निर्णय लिया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ लंबोदर महतो जब से विधायक बने हैं तब से एक-एक घर और एक-एक परिवार से अपना संपर्क एवं संवाद बनाए रखा है। अब लोगों में यह चर्चा है कि डॉ. लंबोदर महतो वाकई में जनप्रतिनिधि के लायक हैं और उन्हें पुनः विधायक के रूप में चुनना श्रेयस्कर रहेगा।
लंबोदर महतो ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं की भावना सामने आई है, उससे यह प्रतीत होता है कि हमने लोगों के हित में काम किया है और जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं का उमंग और उत्साह सामने आया है उससे हमें इस बात की ताकत मिलती है कि हमें दुगुना उत्साह के साथ लोगों का मन और विश्वास जितना है।
बैठक में अशोक सिंह, रामसेवक जायसवाल, महेंद्र नाथ महतो, उमेश जायसवाल, उमेश महतो, रामकिंकर महतो, चांद मुख महतो सहित अन्य शामिल थे।
—————