16HNAT29 इंदौर में जी-20 समिट की तैयारियां जारी, जागरूकता के लिए निकला अत्याधुनिक बाइकों का काफिला
इंदौर, 16 जुलाई (हि.स.)। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में आगामी 19 से 21 जुलाई तक तीन दिवसीय जी-20 समिट का आयोजन होगा। इसके लिए व्यापक तैयारियां जारी हैं। इसी सिलसिले में रविवार को जनजागरुकता के लिए अत्याधुनिक मोटर साइकिलों का काफिला शहर के विभिन्न मार्गों से निकला। कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने बाइकर्स की इस राइड को रेसीडेंसी से झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस राइड में सांसद शंकर लालवानी भी शामिल हुए।
इस राइड में लगभग 125 राइडर्स ने अत्याधुनिक मोटर साइकिलों पर सवार होकर जी-20 समिट के संबंध में जागरूकता लायी। यह राइड रेसीडेन्सी से प्रारंभ होकर जीपीओ, एमवाय अस्पताल, मनोरमागंज, अम्बेडकर, क्राउन पैलेस होटल, एमजी रोड़, हाई कोर्ट, रीगल चौराहा, एमटीएच कम्पाउंड, रिवर साइड रोड़, राजबाड़ा, पढ़रीनाथ, कलेक्टर कार्यालय, महू नाका, अन्नपूर्णा रोड़, राजेन्द्र नगर होते हुए राऊ में सम्पन्न हुई।
उद्योगपतियों से जी-20 समिट के संबंध में की गयी चर्चा
इंदौर में आयोजित जी-20 समिट के संबंध में चर्चा के लिए रविवार को उद्योगपतियों के साथ पोलोग्राउण्ड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उद्योगपतियों को आयोजन के संबंध में जानकारी दी गई और शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन ऑफ इण्डस्ट्रीज मध्यप्रदेश के अध्यक्ष योगेश मेहता, सुनील सिंघी, रमेश खण्डेलवाल, जिला उद्योग व्यापार केन्द्र के महाप्रबंधक एस.एस. मण्डलोई सहित अन्य अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में चर्चा कर एमएसएमई के माध्यम से रोजगार सृजन हेतु रूपरेखा तैयार की गयी। मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर निर्माण हेतु भी उक्त कार्यक्रम में चर्चा हुई। इस अवसर पर शासन द्वारा चलायी जा रही मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री सीखों कमाओ योजना एवं मध्यप्रदेश प्रोत्साहन योजना 2021 आदि के संबंध में उद्योगपतियों को जानकारी दी गयी। उद्योगपतियों से आग्रह किया गया कि वे इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाएं।
जी-20 समिट के उपलक्ष्य में व्याख्यान एवं नाटक का मंचन
वहीं, श्रमोदय आवासीय विद्यालय बेटमा खुर्द इंदौर में विद्यार्थियों द्वारा जी-20 समिट के लिए एक व्याख्यान, भाषण तथा नाटक का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को जी-20 के संबंध में जानकारी दी गयी। रोजगार कार्य समूह विषय पर स्कूल के छात्रों ने अपने-अपने व्याख्यान दिये। नाटिका के माध्यम से यह दिखाया और समझाया गया कि इस बार भारत जी-20 सम्मेलन का प्रतिनिधित्व करने जा रहा है, जिसमें चौथी बैठक रोजगार कार्य समूह ईडब्ल्यूजी और श्रम एवं रोजगार मंत्रियों की होगी। यह बैठक इंदौर में 19 से 21 जुलाई तक होगी।
इसी तारतम्य में श्रमोदय आवासीय विद्यालय के सामाजिक विज्ञान विभाग के शिक्षकों एवं छात्र छात्राओं द्वारा वर्तमान परिदृश्य में कौशल विकास की आवश्यकता, आधुनिक परिदृश्य में श्रमिक और नियोक्ता संबंध, जी-20 देश और श्रम कानून, कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा योजना और सीएसआर गतिविधियों का महत्त्व पर प्रकाश डाला गया। श्रम प्रभाव पर एक नाटिका भी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विद्यालय की प्राचार्य सीमा सलवान, उप प्राचार्य प्रदीप कुमार राय, विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका दीपिका दीपेंद्र त्रिपाठी, श्रम निरीक्षक ध्रुव सिंह एवं नरेंद्र शर्मा एवं समस्त शिक्षक गण उपस्थित रहे।
जी-20 सम्मेलन के लिए बिजली कम्पनी की प्रभावी तैयारी
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के प्रबंध निदेशक अमित तोमर के आदेश पर अफसरों ने बायपास स्थित होटल शेरेटन में 19 व 20 जुलाई को आयोजित जी-20 सम्मेलन के लिए प्रभावी तैयारी की हैं। इन्दौर ग्रामीण वृत्त के अधीक्षण यंत्री डॉ डी.एन. शर्मा ने बताया कि होटल में आधुनिक पैंथर बिजली लाइन से निर्बाध बिजली आपूर्ति रहेगी। समिट के दौरान चार इंजीनियरों सहित 10 बिजली कर्मचारी तैनात रहेंगे। अस्थायी रूप से बिजली सेवाओं के लिए कंट्रोल रूम क्रियाशील रहेगा।