16HREG314 राजगढ़ः मुख्यमंत्री के नगर आगमन पर विधायक दांगी ने की क्षेत्र की व्यवस्था और सौगतों की मांग
राजगढ़,16 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का सोमवार को ब्यावरा नगर में रोड़ शो के लिए आगमन हो रहा है। क्षेत्र के कांग्रेस विधायक रामचंद्र दांगी ने मुख्यमंत्री से शहर की व्यवस्थाओं और विभिन्न सौगातों को स्वीकृत करने की मांग की है।
विधायक दांगी ने व्यवस्थाओं की मांग करते हुए कहा कि नगर में अजनार नदी के सौंदर्यीकरण के लिए बनाई गई योजना को स्वीकृत करें, सीएम राइज स्कूल भवन के लिए स्वीकृति प्रदान करें, क्षेत्र में कृषि महाविधालय, ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों को दुरस्त करने की व्यवस्था, ग्रामीण व शहरी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी को पूरा किया जाए, क्षेत्र में स्कूलों के उन्नयन की प्रक्रिया को स्वीकृति प्रदान की जाए साथ बेटियों के लिए स्कूल भवन का निर्माण किया जाए, सिविल अस्पताल रोड़ को स्वीकृति प्रदान की जाए, शहरी क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को दुरस्त किया जाए।
विधायक ने कानून व्यवस्था को सुधारने की मांग करते हुए कहा कि पिछले दो सप्ताह में हत्या, लूट, चोरी की वारदातें बढ़ी है अतःलचर कानून व्यवस्था को सुधारा जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा में हो रही गड़बड़ियों पर लगाम कसी जाए ताकि होनहार युवाओं का भविष्य अंधकारमय न हो। विधायक दांगी ने नगर में रोड़ शो करने आ रहे मुख्यमंत्री से क्षेत्र की व्यवस्था और सौंगातों की मांग शीघ्रतः पूरा करने की अपील की है।