रतलाम: नकली नोट सप्लाय करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश

Share

16HREG384 रतलाम: नकली नोट सप्लाय करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश

रतलाम, 16 जुलाई (हि.स.)। भारतीय मुद्रा की हुबहू दिखने वाली नकली मुद्रा बनाकर उसे बाजार में चलाकर लाभ कमाने के गौरखधंधे में लिप्त गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि राजस्थान सीमा से लगे जिले के सुखेड़ा ग्राम में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों द्वारा नकली नोट बनाकर बाजार में चलाने वालों का भंडाफोड़ हुआ है। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर अनुविभागीय अधिकारी जावरा रविन्द्र बिलवाल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी पिपलौदा रेवलसिंह बरडे के नेतृत्व में टीम का गठन किया, जिसमें नकली नोट बनाने वाले लोगों के ठिकानों पर दबिश दी।

दबिश के दौरान सुखेड़ा तथा आसपास के गांव के आरोपियों को गिरफ्तार कर 500-500 रुपये के नकली नोट बनाने वाले उपकरण, सामग्री , नकली नोट आदि बरामद कर धारा 489क, 489 ख, 489 ग, 489 घ/34 आईपीसी के तहत कायमी की गई। आरोपी पुष्कर पिता पुन्नालाल निनामा निवासी केसरपुरा थाना पिपलौदा, मनीष पिता पन्नालाल लोधा ग्राम सुखेड़ा थाना पिपलौदा तथा दीपक पुत्र कमल लोधा निवासी ग्राम सुखेड़ा थाना पिपलौदा को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 500-500 के 70 नकली नोट, एक लेपटाप, एक रंगीन प्रिंटर, नोट बनाने के पेपर, मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री बरामद की।

नकली नोट बनाने एवं उन्हें सप्लाय करने तथा उसको खपाने वाले अन्य आरोपित की भी तलाश पुलिस कर रही है।