15HREG148 म.प्र.: लूट के आरोपियों को ले जा रही राजस्थान पुलिस की टीम पर हमला, एसआई घायल
नीमच, 15 जून (हि.स.)। मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी से लूट के आरोपियों को गिरफ्तार कर ले जा रही राजस्थान पुलिस की टीम पर बीती रात नीमच में हमला हो गया। दो बाइक सवार पुलिस के सामने आ गए। बदमाशों ने पुलिस की स्कॉर्पियो को रुकवाया। इसी दौरान वाहन में बैठे आरोपियों ने सब इंस्पेक्टर की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग कर दी। सब इंस्पेक्टर के पैर में गोली लगी है। इसी बीच आरोपी बाइक सवार साथियों के साथ फरार हो गए।
राप्त जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की है। राजस्थान के निम्बाहेड़ा की सदर थाना पुलिस लूट के आरोपियों को पकड़ने के लिए पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र में आई थी। पुलिस तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर निम्बाहेड़ा के लिए रवाना हुई। रात करीब 11 बजे नीमच सिटी थानांतर्गत फोरलेन स्थित जैतपुरा फंटे पर आरोपियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। फायरिंग में निम्बाहेड़ा थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर नारूलाल गहलोत घायल हो गए। पुलिसकर्मी रामअवतार मीणा के हाथ में चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही नीमच सिटी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल सब इंस्पेक्टर नारूलाल को जिला अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद नारूलाल को उदयपुर रेफर कर दिया गया। इधर, सूचना पर एएसपी सुंदर सिंह कनेश, सीएसपी फूलसिंह परस्ते, निम्बाहेड़ा के डिप्टी एसपी, निम्बाहेड़ा सदर थाना प्रभारी भी जिला अस्पताल पहुंच गए थे।
निम्बाहेड़ा पुलिस पर हमले के बाद नीमच सिटी, कैंट और बघाना थाने की पुलिस टीम सक्रिय हो गई। इसके अलावा जीरन पुलिस टीम ने भी फोरलेन पर नाकाबंदी कर दी। हालांकि, देर रात तक आरोपियों का सुराग नहीं मिल पाया था। एएसपी कनेश ने मल्हारगढ़ और पिपलिया मंडी पुलिस को भी अलर्ट कर दिया था। नीमच सिटी थाना ने हमलावरों पर एफआईआर दर्ज कर ली है। एएसपी सुंदरसिंह कनेश ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है।