भोपाल: नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी का आरोप- उन पर हमला करने वाला भाजपा समर्थक

Share

09HREG37 भोपाल: नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी का आरोप- उन पर हमला करने वाला भाजपा समर्थक

भोपाल, 9 जून (हि.स.)। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने उन पर और उनके पति पर गुरुवार देर रात किए गए हमले के आरोपी पर भाजपा समर्थक होने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हमलावर के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।

गौरतलब है कि शबिस्ता जकी पर गुरुवार देर रात दो युवकों ने बेसबॉल के बैट से हमला कर दिया था। हमले में जकी के पति और कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष आसिफ जकी को भी चोटें आई हैं। दोनों को चिरायु हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शबिस्ता जकी का मकान श्यामला हिल्स इलाके में है। इसके पास ही श्यामला हिल्स थाने के एक एसआई के बेटे यासिर ने मकान खरीदा है। इसके सामने ही सड़क पर ‘नो पार्किंग’ का बोर्ड लगा दिया। यहीं पर शबिस्ता की कार खड़ी होती है। मामले में शबिस्ता ने गुरुवार को थाने में भी शिकायत की थी। बोर्ड हटाने के बाद रात में कार पार्किंग की गई। इससे गुस्साए यासिर ने शबिस्ता और उनके पति आसिफ जकी पर बेसबॉल के बैट से हमला कर दिया।

इस मामले में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी का कहना है कि आरोपी भाजपा का समर्थक है। अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उसके घर पर बुलडोजर चलाएं। पति आसिफ जकी ने बताया, मैं घर में था। बेटों के साथ बैठा था। बाहर से एक लड़का दौड़कर आया। कहा कि बाजी (शबिस्ता) के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। मैं बाहर निकला। आरोपी ने हमारी गाड़ी का कांच भी तोड़ दिया और गालियां दे रहा था। आरोपी पूरे मोहल्ले में भी लड़ता है। आरोपी भाजपा के दम पर दादागिरी कर रहा है।