बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

Share

18HREG110 बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

फिरोजाबाद, 18 अप्रैल (हि.स.)। बिजली विभाग में तैनात अधियासी अभियंता ने सोमवार की देर रात्रि आत्महत्या कर ली। पत्नी का आरोप है कि अभियंता विभागीय कार्य को लेकर मानसिक दबाव में थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियंता का नाम पारीख राम है, जो कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले थे। वह बिजली विभाग के मीटर विभाग में कई सालों में अधिशासी अभियंता के पद पर तैनात थे। फिरोजाबाद के दक्षिण थाना क्षेत्र के सुहाग नगर के सेक्टर नंबर तीन में वह किराए के मकान में रहते थे। सोमवार की रात पुलिस को यह जानकारी मिली कि अधिशासी अभियंता ने खुदकुशी कर ली है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस को कमरे की तलाशी में किसी प्रकार का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।एसपी सिटी के मुताबिक मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

एग्जीक्यूटिव इंजीनियर की पत्नी सरोज ने बताया कि वह अक्सर मीटिंग के दौरान कमरे में खुद को बंद कर लेते थे। सोमवार को भी शाम 6 से 7 बजे के बीच उन्होंने खुद को कमरे को बंद कर लिया था। काफी समय बाद जब वह बाहर नहीं निकले, तो दरवाजा खटखटाया। आसपास के लोगों को बुलाया तब पता चला कि पति ने आत्महत्या कर ली। वह पिछले 1 साल से विभागीय कार्य को लेकर टेंशन में थे। ऑफिशियल काम को लेकर वह काफी दबाव में चल रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।