खेल मंत्री ने स्पोर्ट्स स्टेडियम का किया निरीक्षण, बोली-लापरवाही बर्दाश्त नहीं

Share

18HREG31 खेल मंत्री ने स्पोर्ट्स स्टेडियम का किया निरीक्षण, बोली-लापरवाही बर्दाश्त नहीं

-मंत्री ने खेल विश्वविद्यालय में आ रही दिक्कतों को दूर करने के दिए निर्देश

देहरादून/हल्द्वानी, 18 अप्रैल (हि.स.)। खेल मंत्री ने आज हल्द्वानी स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों को तय समय सीमा के अंतर्गत पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने स्टेडियम के समीप प्रस्तावित खेल यूनिवर्सिटी की भूमि का भी निरीक्षण किया। इस दौरान यूनिवर्सिटी के निर्माण में आ रही संबंधित दिक्कतों को दूर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

इस मौके पर खेल मंत्री आर्या ने कहा कि यदि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त का की जाएगी। क्रिकेट स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि स्टेडियम में 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य प्रगति पर हैं। फंडिंग की आवश्यकता है जिसके लिए मांग की गई है। जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का हैंड वर्क पूरा हो जाएगा।

खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय बनाया जाना है। इसके लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास ही जमीन की तलाश की गई है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को दूर करने के निर्देश दिए। यूनिवर्सिटी के बन जाने से आगामी समय में हमारे राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर मिलेंगे।

इस मौके पर सहायक निदेशक खेल सुरेश चंद्र पांडेय, जिला क्रीड़ा अधिकारी रशिका सिद्धकी,उप क्रीड़ा अधिकारी जुबैद अहमद सहित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।