14HREG281 डॉ. आंबेडकर की जन्मस्थली महू में बनेगी धर्मशाला : मुख्यमंत्री
भोपाल, 14 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से जुड़े पंच तीर्थों, उनकी जन्मभूमि महू, शिक्षा-भूमि लंदन, दीक्षा-भूमि नागपुर, महापरिनिर्वाण-भूमि दिल्ली तथा चैत्य भूमि मुंबई को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से जोड़ा जा रहा है। महू आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सर्वसुविधा युक्त धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार को भोपाल में श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पौधरोपण के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने डॉ. आंबेडकर को उनकी जयंती पर नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महू में डॉ. आंबेडकर के स्मारक का निर्माण कराया गया है। महू में धर्मशाला निर्माण की मांग लंबे समय से थी। बाबा साहेब के अनुयाई बड़ी संख्या में महू पहुंचते हैं। यहां उनके रुकने की कोई व्यवस्था नहीं थी। राज्य सरकार भूमि की व्यवस्था के लिए प्रयासरत थी। अब सेना से साढ़े तीन एकड़ भूमि के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया है। यह भूमि डॉ.बाबा साहेब मेमोरियल समिति को लीज पर देकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन ने डॉ. आंबेडकर के पंचतीर्थों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में शामिल करने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग द्वारा 14 अप्रैल को जारी अधिसूचना से आंबेडकर जन्मस्थली महू, शिक्षा-भूमि लंदन में 10 किंग हेनरीज रोड स्थित स्मारक, दीक्षा-भूमि डॉ. आंबेडकर ग्रंथालय एवं शोध केन्द्र नागपुर, महापरिनिर्माण भूमि डॉ. आंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक नई दिल्ली, चैत्यभूमि डॉ. आंबेडकर स्मारक मुम्बई को मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना नियम 2012 में जोड़ा गया है। अधिसूचना में संत रविदास मंदिर वाराणसी को भी तीर्थ दर्शन योजना में शामिल किया गया है।