14HREG323 मंदसौर: 31 लाख की अफीम के साथ कार चालक गिरफ्तार, कार मालिक पर भी प्रकरण दर्ज
मंदसौर, 14 अप्रैल (हि.स.)। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने एक कार से 31 लाख रुपए कीमत की 31 किलो अवैध मादक अफीम बरामद करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार को नाहरगढ़ थाना प्रभारी तेजेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में अफीम की तस्करी की जा रही है, तुरंत कार्रवाई की जाए तो सफलता मिल सकती है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार सुबह टीम बनाकर झारडा बूढ़ा रोड बालाजी मंदिर के सामने खेजड़ी फंटा पर नाका बंद करते हुए मुखबिर द्वारा बताई गई स्विफ्ट को रोककर कार चालक श्याम सिंह पुत्र भंवर सिंह बोराना (41 वर्ष) निवासी मंडला जिला नीमच को हिरासत में लिया है।
पुलिस को कार की तलाशी के दौरान कार की डिक्की में रखी काले रंग की प्लास्टिक की थैली में 31 किलो अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद की गई, जिसकी कीमत 31 लाख रुपए आंकी गई है। गिरफ्त आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि कार विनोद सिंह निवासी भंवरासा की है। मामले में पुलिस ने कार चालक श्याम जी और कार मालिक विनोद सिंह के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के अपराध में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रगण दर्ज किया है। आरोपितइतनी बड़ी मात्रा में अफीम कहां से लेकर आए थे और कहां ले जा रहे थे पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है।