भोपाल, 30 मई । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि खेल समरसता व भाईचारे का संदेश देते हैं। सकारात्मक मानसिकता के साथ किया गया कार्य हमेशा सफल होता है। खेल को खिलाड़ी भावना से खेलना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री शनिवार को रीवा के मिहिरसेन तरणताल में 54वीं राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का शुभारंभ कर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि तरणताल के डायविंग पूल का नाम कैप्टन बजरंगी प्रसाद के नाम पर होगा।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि रीवा को राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता कराने का अवसर मिला है। यहाँ से जीत कर खिलाड़ी मध्यप्रदेश की टीम में शामिल होंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि उदीयमान खिलाड़ी का लक्ष्य लेकर चलें। जीतने से ज्यादा महत्वपूर्ण है खिलाड़ी भावना के साथ खेल में भाग लेना। हार से निराश न हों और कमी को दूर करते हुए सफलता के लिए सतत प्रयत्नशील रहें।
उन्होंने कहा कि रीवा वह धरा है जहाँ से निकले कैप्टन बजरंगी प्रसाद को खेल का सर्वोच्च पुरस्कार अर्जुन पुरस्कार तैराकी में ही प्राप्त हुआ। इस तरणताल का निर्माण भी कैप्टन बजरंगी प्रसाद की निगरानी में हुआ और उन्होंने अपने बड़प्पन का परिचय देते हुए इसका नामकरण मिहिर सेन के नाम से किया था।
शुक्ल ने कहा कि डायविंग पूल का नाम कैप्टन बजरंगी प्रसाद के नाम से होगा और उनकी उपलब्धियों का शिलालेख भी लगाया जाएगा ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान को याद रख सके। श्री शुक्ल ने तरणताल में नए स्प्रिंगबोर्ड लगाए जाने के भी निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि इस तरणताल में उन्होंने स्वयं भी काफी तैराकी की है। विकास के साथ-साथ इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र की छवि को बेहतर करते हैं। उप मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि इस प्रतियोगिता से नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी और देश व प्रदेश में अपना नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि रीवा में प्रतियोगिता का आयोजन इस क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा और इससे प्रेरणा लेकर वह अपनी प्रतिभा निखार सकेंगे। सांसद मिश्र ने कहा कि कैप्टन बजरंगी प्रसाद के गांव से प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने देश और प्रदेश में अपना नाम रोशन किया था।
इससे पूर्व मध्य प्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा ने बताया कि रीवा में 20 वर्षों के बाद राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। चार दिन तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में 114 इवेंट्स में 18 जिलों के 200 खिलाड़ी तथा उनके साथ 50 आफिशियल्स शामिल हो रहे हैं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने विजयी खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए। कार्यक्रम में विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व पार्षद शिवदत्त पाण्डेय, राजगोपाल मिश्रचारी, लालबहादुर सिंह, माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जयराम शुक्ल, पार्षदगण, संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी तथा खिलाड़ी और उनके परिजन उपस्थित रहे।