07HREG320 सागरः मिशनरी स्कूल की प्रयोगशाला में बाल संरक्षण आयोग की टीम को मिला मानव भ्रूण
सागर, 7 अप्रैल (हि.स.)। मप्र बाल संरक्षण आयोग के सदस्य जांच करने के लिए जिले के बीना में मिशनरी द्वारा संचालित निर्मल ज्योति कान्वेंट स्कूल में पहुंचे तो यहां प्रयोगशाला के एक जार में मानव भ्रूण रखा हुआ मिला। इस पर तत्काल उन्होंने पुलिस को जानकारी देकर भ्रूण को जब्त कराया और मामले की जांच करने के लिए कहा।
जानकारी के अनुसार, निर्मल ज्योति कान्वेंट स्कूल की प्राचार्य द्वारा फीस नहीं भरने पर एक छात्र को स्कूल से निष्कासित कर दिया गया था। इस पर गत 03 फरवरी को उस छात्र के पिता ने अधिकारियों सहित मप्र बाल संरक्षण आयोग से शिकायत की थी। इस संबंध में गुरुवार को आयोग के सदस्य ओमकार सिंह तथा डॉ. निवेदिता शर्मा जांच के लिए बीना पहुंचे। प्राचार्य के जवाब से असंतुष्ट आयोग के सदस्यों ने स्कूल का निरीक्षण कर दस्तावेजों की जांच की। उन्हें प्रयोगशाला के निरीक्षण के दौरान एक जार में रखा मानव भ्रूण दिखा। यह देखकर वे सन्न रह गए। यह भ्रूण कितना पुराना था, इस पर प्राचार्य जानकारी नहीं दे पाईं। तब आयोग के सदस्यों ने तत्काल बीना थाना प्रभारी कमल निगवाल को निर्देशित किया कि वह भ्रूण को जब्त कर इसकी जांच कराएं और उचित कार्रवाई करें।
डॉ. निवेदिता शर्मा ने बताया कि स्कूल परिसर में गेस्ट रूम था, जो कि नहीं होना चाहिए। आयोग के सदस्यों व अधिकारियों को उस गेस्ट रूम तक नहीं जाने दिया गया। इसके अलावा सभी स्टाफ का पुलिस वेरीफिकेशन नहीं है। जमीन का डायवर्सन अन्य व्यवसाय के लिए कराया गया है, जो नियम विरुद्ध है। फीस को लेकर दबाव बनाया जा रहा है, यह भी गलत है। इससे अभिभावकों व छात्रों पर मानसिक दबाव पड़ता है। प्रयोगशाला में जीवों के पुराने नमूने रखे हुए हैं, जो सड़ गए हैं। केमिकल से इन्हें सही ढंग से संरक्षित नहीं किया गया है। इसके लिए पुलिस को निर्देशित किया गया है कि वह जांच कर रिपोर्ट दे।
थाना प्रभारी निगवाल का कहना है कि अभी गुड फ्राइडे सहित अन्य छुट्टियां हैं। सोमवार को भ्रण को जांच के लिए एफएसएल को भेजेंगे। शिक्षा विभाग से जांच प्रतिवेदन आने के बाद छात्र मामले में भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।