सिंगरौलीः नहाते समय तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत

Share

07HCRI38 सिंगरौलीः नहाते समय तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत

सिंगरौली, 7 अप्रैल (हि.स.)। जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिद्धिकला में शुक्रवार को नहाते समय तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चे एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चों के शव तालाब से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, सिद्धिकला गांव में बने तालाब में शुक्रवार को सुबह करीब 9.00 बजे संदीप (8 वर्ष) पुत्र महेश केवट, आदित्य (6 वर्ष) पुत्र मनी केवट एवं सुनील (8 वर्ष) पुत्र मनी केवट घर में बताए बगैर नहाने पहुंच गए। नहाते समय तीनों बच्चे गहरे पानी में चले और डूब गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब बच्चे घर में नहीं दिखे तो परिवार बालों ने उनकी तलाश शुरू की। उन्हें ढूंढते हुए परिजन तालाब पर पहुंचे, जहां किनारे पर उनके कपड़े रखे हुए थे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर तीनों के शव बाहर निकाले और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद सिद्धिकला गांव में मातम पसर गया।