विश्व स्वास्थ्य दिवस : आयुष्मान भारत आईडी बनवाने के लिए लोगों को किया प्रेरित

Share

07HREG324 विश्व स्वास्थ्य दिवस : आयुष्मान भारत आईडी बनवाने के लिए लोगों को किया प्रेरित

भोपाल, 7 अप्रैल (हि.स.)। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी भोपाल में जयप्रकाश चिकित्सालय से जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत आयुष्मान भारत आईडी बनवाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

उल्लेखनीय है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रतिवर्ष 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। यह दिन प्रतिवर्ष स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता निर्माण के लिए मनाया जाता है। इस वर्ष “हेल्थ फॉर ऑल’ की थीम पर यह दिवस मनाया जा रहा है। मरीजों को अपने चिकित्सकीय उपचार की जानकारी समग्र रूप से उपलब्ध करवाये जाने के लिए विशिष्ट स्वास्थ्य आई.डी. आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउण्ट (आभा) का निर्माण किया जा रहा है।

इस आईडी के माध्यम से मरीज़ को प्रदान किये गए उपचार के संबंध में सभी विवरण प्राप्त होंगे। आयुष्मान भारत आई.डी. का निर्माण सभी शासकीय चिकित्सालयों में निःशुल्क किया जा रहा है। इसके लिए हितग्राही को अपना आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाईल नंबर लाना आवश्यक होगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउण्ट (आभा) डिजिटल हेल्थ आई.डी. के माध्यम से मरीज़ को पूर्व में दिये गए उपचार की सभी जानकारियां मिल सकेंगी। मरीज़ के उपचार के दौरान किसी भी अस्पताल अथवा चिकित्सक को इस आई.डी. के माध्यम से यह जानकारी मिल सकेगी कि मरीज़ पूर्व से किन बीमारियों से पीड़ित है एवं उसे क्या उपचार प्रदान किया गया है। एक प्रकार से यह आई. डी. मरीज़ का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड है जिससे बेहतर उपचार की सेवाएं मरीजों को प्राप्त हो सकेंगी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में यह आई.डी. निःशुल्क बनाई जा रही हैं।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन भारत सरकार की एक फ्लैगशिप योजना है। इसका उद्देश्य देश में डिजिटल स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से मेडिकल रिकॉर्ड का सुरक्षित रूप से स्टोर और एक्सेस करने की सुविधा प्राप्त होगी। स्वास्थ्य संस्थाओं और सेवा प्रदाताओं के बारे में सटीक जानकारी, टेलीपरामर्श और ई-फार्मेसी के माध्यम से दूरस्थ रूप से स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने का विकल्प देना, स्वास्थ्य सेवा प्रदायकर्ता के पास रोगी के चिकित्सकीय इतिहास की जानकारी मरीज़ के देखभाल की निरंतरता को बेहतर बनान मेडिकल क्लेम और चिकित्सकीय प्रतिपूर्ति को बेहतर करना, डेटा विश्लेषण के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को उन्नत करने में सहायता करना जैसे लाभ आभा आई.डी. के माध्यम से प्राप्त होंगे। आयुष्मान भारत आई.डी. 14 अंक का यूनिक नंबर है। आभा के माध्यम से मरीज़ अपनी पैथोलॉजी रिपोर्ट, प्रिस्क्रिप्शन और उपचार डिजिटल रूप से प्राप्त एवं साझा कर सकते हैं। भविष्य में आभा के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श हेतु ऑनलाईन बुकिंग भी की जा सकेगी।