मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद के लिए 104 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास

Share

06HREG389 मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद के लिए 104 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास

गाजियाबाद, 06 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में आयोजित केदारनाथ कार्यक्रम में गाजियाबाद नगर निगम के 104 करोड रुपये के कार्यों का शिलान्यास किया। कार्यक्रम को नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़, निवर्तमान महापौर आशा शर्मा समेत निगम अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम सभागार में लाइव देखा।

नगर विकास मंत्री ने नगर निकायों की योजनाओं के बारे में अवगत कराया और कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लिए कई योजनाओं का शिलान्यास किया, जो लगभग 1900 करोड़ का है। इसमें लगभग 104 करोड़ की योजना गाजियाबाद वासियों के लिए भी है, जिनका शिलान्यास किया गया।

नगर आयुक्त डॉ नितिन ने बताया कि गाजियाबाद के लिए भी लगभग 104 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने किया। इसमें ट्रिपल पी मॉडल पर 300 टीपीडी के सीएनजी गैस प्लांट का सौ करोड़ की लागत से निर्माण कार्य और नूर नगर स्थित कंपोजिट स्कूल परियोजना का शिलान्यास किया गया। मधुबन बापूधाम स्थित कंपोजिट परियोजना (लागत एक करोड़ 68 लाख) तथा राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत गाजियाबाद की स्मार्ट क्लास परियोजना (लागत 01.21 करोड़ रुपये) का भी शिलान्यास किया गया।