डीपीएस गोरखपुर के स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे सीएम योगी

Share

06HREG161 डीपीएस गोरखपुर के स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे सीएम योगी

गोरखपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। प्राइमरी से लेकर उच्च, तकनीकी, चिकित्सा शिक्षा के हब के रूप में उभरे गोरखपुर में देश की कई प्रतिष्ठित निजी शिक्षण संस्थाएं भी अपनी शाखाएं खोल रही हैं। गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर मानीराम में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की गोरखपुर शाखा स्थापित है। 09 अप्रैल यानी रविवार को इसका स्थापना दिवस (फाउंडेशन डे) समारोह है। ”अभ्युदय” नाम से मनाये जाने वाले इस स्थापना समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे।

डीपीएस गोरखपुर ब्रांच के मुख्य संरक्षक पूर्व सांसद एवं प्रदेश के पूर्व महाधिवक्ता विजय बहादुर सिंह का कहना है कि विद्यालय में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां जोर -शोर पर हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा को लेकर सीएम योगी का दृष्टिकोण भविष्योन्मुखी एवं बेहद प्रेरणादायी है। उनके मुख्य आतिथ्य में डीपीएस गोरखपुर का फाउंडेशन डे मनाया जाना सौभाग्य की बात है। यह समारोह एक तरह से विद्यालय के औपचारिक शुभारंभ जैसा होगा। डीपीएस गोरखपुर ब्रांच के संचालक (प्रो-वाइस चेयरमैन) विशाल सिंह ने बताया कि 12 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में स्थित यह विद्यालय उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के साथ पाठ्येत्तर और खेलकूद की गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान है। समाज व देश हित में बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास से उन्हें सुयोग्य नागरिक बनाना ही मुख्य मंशा है।