18HREG468 पश्चाताप के बजाए कांग्रेस का प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण : भट्ट
देहरादून, 18 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस के युवराज ने देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करने में मर्यादा की सारी सीमा लांघ दी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के विरोध पर कांग्रेस को अपने चेहरे को ढकने का असफल प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि देश दुनिया ने देखा कि राहुल गांधी मोदी का विरोध करते करते राष्ट्र विरोध की सभी सीमाओं को लांघ गए हैं। उस व्यक्ति को राष्ट्र विरोधी नहीं तो क्या कहेंगे जो लंबे समय से सांसद हो और कई राज्यों में उनकी पार्टी की सरकारें रही हों और वही व्यक्ति विदेश में जाकर कहता हो कि भारत में लोकतंत्र, न्यायपालिका संसद सभी संवैधानिक संस्थाएं समाप्त हो गई हैं। इतना नही अमेरिका व यूरोप के देशों को लोकतंत्र बचाने के लिए आगे आने की प्रार्थना करता हो।
भाजपा अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि विदेशी यूनिवर्सिटी में भी उनको विद्वता के चलते नही बुलाया जाता है बल्कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के राजनेता के तौर पर बुलाया जाता है और आप वहां पर उसी लोकतंत्र का अपमान करते हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेता राष्ट्र विरोध और राष्ट्र अपमान में बयानबाजी करते रहें और उस पर हम उन्हें जब राष्ट्र विरोधी कहें तो बजाय गलती मानने के विरोध प्रदर्शन करें इससे शर्मनाक कुछ और नही हो सकता है।