02HREG269 भाजपा विधायक ने विंध्यवासियों से की अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा अनावरण की अपील
भोपाल, 2 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह की प्रतिमा को लेकर एक बार फिर मध्य प्रदेश की सियासत गर्म हो गई है। मैहर से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी कई बार राजधानी भोपाल के 6 नंबर स्टॉप के पास व्यापमं चौराहे पर लगी अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण की सरकार से मांग कर चुके हैं। एक बार फिर उन्होंने विंध्यवासियों से 4 मार्च को अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि पर भोपाल में एकत्रित होकर प्रतिमा का अनावरण करने की अपील की है।
मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा कि भोपाल के व्यापम चौराहे में विन्ध्य के गौरव राजनीति के चाणक्य पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह की प्रतिमा को लंबे समय से रस्सी से जकड़ कर रखा गया है, आज तक इस मूर्ति का अनावरण नहीं हो सका, जबकि पूर्व में बार बार मेरे द्वारा मूर्ति का अनावरण कराए जाने की मांग की गई है, लेकिन आजतक सरकार द्वारा यह कार्य नहीं हो सका। यह बात स्वर्गीय अर्जुन सिंह को चाहने वालों के दिलों में खटक रही है और उन्हें चिढ़ाती भी है।
उन्होंने कहा कि इसलिए मेरी तमाम विंध्यवासियो से अपील है कि आगामी 4 मार्च को तमाम विंध्यवासी भोपाल के व्यापम चौराहे में पहुँचकर विन्ध्य की शान स्वर्गीय अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण करें। मेरा सभी से आग्रह है कि यह कार्य हम सभी विंध्यवासियो को जात-पात,धर्म, मजहब, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर करना है, इसलिए आप सभी की गरिमामय उपस्थिति अनिवार्य है।
बता दें कि इससे पहले भी कई बार भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण की मांग सरकार से कर चुके हैं।