कानपुर के छात्रों ने देखी उप्र विधान सभा की कार्यवाही

Share

02HREG375 कानपुर के छात्रों ने देखी उप्र विधान सभा की कार्यवाही

लखनऊ, 02 मार्च (हि.स.)। मदर टेरेसा हायर सेकेंडरी स्कूल, किदवई नगर, कानपुर के छात्र-छात्राओं के एक 21 सदस्यीय दल ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधान सभा के बजट सत्र की कार्यवाही देखी। इस दौरान छात्रों ने विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात भी की।

छात्र-छात्राओं के दल ने पूरे विधान सभा परिसर का भ्रमण भी किया। विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात के दौरान छात्रों ने जानकारी हेतु उनसे कई सवाल किए। सतीश महाना ने भी विधान सभा की कार्यवाही तथा इससे जुड़ी अन्य तकनीकी जानकारियों से उन्हें अवगत कराया।

विधान सभा अध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं से कहा कि भावी पीढ़ी राष्ट्रहित में अपनी सार्थक भूमिका निभाने को तैयार हो रही है। आप लोग इस देश के भविष्य हैं। आप सभी सदैव सकारात्मक सोच रखें क्यांकि नकारात्मक सोच से न तो स्वयं का विकास होता है और न ही समाज का।

छात्रों के दल ने विधान सभा की सुंदरता देखकर विधानसभा अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया और यह भी कहा कि हमें अपनी विधान सभा को देखकर बेहद गर्व का अनुभव हो रहा है। छात्रों के इस दल का नेतृत्व सुश्री दीक्षा साइलस उप-प्राचार्य एवं अध्यापक नितिन राय ने किया।

इस अवसर पर विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे सहित सहयोग हेतु अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।