30HREG319 बलिया के पर्यटन स्थलों की 999 रुपये में कर सकेंगे सैर
– ज़िलाधिकारी सौम्या अग्रवाल की पहल पर हुई अनोखी शुरुआत
बलिया, 30 जनवरी (हि.स.)। ऐतिहासिक जिले के बारह प्रमुख पर्यटन स्थलों की सैर सिर्फ 999 रुपये में हो सकेगी। जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया।
जिले के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए महज 999 रुपये प्रति व्यक्ति के खर्च पर महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने के साथ-साथ एक समय का भोजन भी कराने की शुरुआत की गई है। किसी भी समय कोई भी व्यक्ति सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त ट्रैवल एजेंसी गोयल सर्विसेज़ के 9838452577 पर बुकिंग करा कर इन दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करने का लाभ ले सकता है। जिन बारह स्थानों का भ्रमण कराया जायेगा उनमें भृगु मंदिर, बालेश्वर मंदिर, चौक शहीद पार्क, कारो धाम, ख़ाकी बाबा मंदिर खनवर, जनेश्वर मिश्र पार्क, सुरहा ताल, छितेश्वर नाथ मंदिर, गायत्री शक्ति पीठ, चैनराम बाबा समाधि स्थल, मां मंगला भवानी और श्री नाथ बाबा रसड़ा आदि शामिल हैं। जिस गाड़ी को ज़िलाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया, उसमें मनीष केशरी, गोयंक गोयल, अनिल वर्मा व विशाल गुप्ता आदि यात्री मौजूद थे।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दार्शनिक स्थलों पर भ्रमण की शुरुआत की गई है। धीरे-धीरे बलिया के सभी पर्यटन स्थलों को इसमें जोड़ा जाएगा। जिले एवं बाहर से आने वाले यात्रियों को एक सुरक्षित माहौल में पर्यटन कराया जाएगा। इस अवसर पर श्याम सुंदर, रवि शंकर त्रिपाठी, रजत अग्रवाल, रजनीकांत सिंह, प्रदीप वर्मा व सौरभ अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।