20HCRI3 जीजा व साले के बीच पुरानी रंजिश बनीं बड़ा विवाद, दोनों पर क्रॉस केस दर्ज
– दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास व लूटपाट का मामला दर्ज, 24 घंटे बाद भी आरोपियों की नहीं हुई गिरफ्तारी
मुरादाबाद, 19 जनवरी (हि.स.)। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में जीजा व साले के बीच चल रही पुरानी रंजिश एक और बड़े विवाद की वजह बन गई। सिविल लाइंस पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास व लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है। मारपीट के मामले में क्रास केस दर्ज करने के 24 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार विस्तार में रहने वाले कृष्ण गोपाल जीएसटी विभाग में बतौर इंस्पेक्टर कार्यरत हैं। जबकि उनके साले प्रेमपाल सिंह निवासी पम्प नंबर दो प्रकाश नगर, लाइनपार मझोला पेशे से अधिवक्ता हैं। जीजा व साले के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। प्रेमपाल सिंह ने तहरीर देकर बताया कि जीजा व उनके बीच मुकदमेबाजी चल रही है। बुधवार को एडीजे छह की कोर्ट में केस की तारीख थी। दोनों पक्ष तारीख पर कोर्ट में उपस्थित हुए। कुछ देर बाद जीजा व साले कोर्ट से बाहर निकले। प्रेमपाल सिंह के मुताबिक वह डिप्टीगंज चैराहे की ओर बढ़ रहे थे। बैंक आफ बड़ौदा के सामने पहुंचे थे कि उनके जीजा कृष्ण गोपाल व चार अन्य लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। जान से मारने की नियत से हमलावरों ने उनके गले का मफलर खींचा। आरोपी जीजा ने चाकू से वार किया।
वहीं कृष्ण गोपाल ने तहरीर देकर बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे बैंक आफ बड़ौदा के सामने वह एक चाय की दुकान पर खड़े थे। तभी उनके साले प्रेमपाल सिंह स्कूटर पर सवार होकर आए। जान से मारने की नीयत से ईंट उठा कर सिर पर प्रहार कर दिया। दौड़ाते हुए मारपीट की। इस दौरान जीजा की जेब से साले ने 3,500 रुपये लूट लिया। दोनों ही तहरीरों को आधार बनाकर पुलिस ने क्रास केस दर्ज कर लिया। दोनों ही पक्षों पर मारपीट व प्राणघातक हमला करने का आरोप है।
मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तथ्य व साक्ष्य के आधार पर ही कानूनी कार्रवाई होगी।