28HREG317 छठ पूजा और देव दीपावली की तैयारियों का मंत्रियों ने लिया जायजा
-कमिश्नर और पुलिस अफसरों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिया निर्देश
वाराणसी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। डाला छठ और देव दीपावली की तैयारियों का जायजा शुक्रवार को राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल, डॉ दयाशंकर मिश्र ’दयालु’ ने लिया। दोनों मंत्रियों ने कमिश्नर कौशलराज शर्मा, नगर आयुक्त प्रणय सिंह, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव,पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह के साथ नमो घाट से रविदास घाट तक मोटर बोट से घाटों की साफ-सफाई को देखा।
दोनों मंत्रियों ने गंगा के सभी 84 घाटों की समुचित साफ.सफाई के साथ ही आसपास की गलियों एवं सड़क मार्गों की भी सफाई व्यवस्था पर जोर दिया। राज्यमंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र ने कहा कि देव दीपावली के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति होनी चाहिए। घाटों पर जमा सिल्ट की युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर तत्काल सफाई सुनिश्चित कराया जाए। इसके अलावा गंगा के सभी घाटों पर आकर्षक सजावट भी होनी चाहिए। मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी तैयारियां समय से पूर्व पूरा करा लिया जाए और किये जा रहे कार्यों पर वरिष्ठ अधिकारी पैनी नजर रखे। देव दीपावली के अवसर पर गंगा घाटों पर सुरक्षा के भी मुकम्मल इंतजाम सुनिश्चित कराए जाएं। इस दौरान नावों पर निर्धारित संख्यानुसार ही सैलानी सवार हो। वाहनों के पार्किंग की समुचित व्यवस्था हो। जिससे सड़कों पर आवागमन प्रभावित न होने पाए और जाम की स्थिति न हो।
इसके पहले डाला छठ पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध कानून.व्यवस्था संतोष सिंह घाटों पर पहुंचे। उन्होंने राजघाट, खिड़किया घाट, शास्त्री घाट, वरूणा घाट सहित अन्य घाटों का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर फैली गन्दगी की साफ.सफाई एवं सुरक्षा के दृष्टिगत सम्बन्धित अफसरों को आवश्यक दिशा.निर्देश दिया।