मानसखंड कॉरिडोर के काम में तेजी लाने के निर्देश: मुख्यमंत्री

Share

26HREG119 मानसखंड कॉरिडोर के काम में तेजी लाने के निर्देश: मुख्यमंत्री

देहरादून, 26 सितम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विकास कार्यों के साथ-साथ मानसखंड कॉरिडोर के कामों में तेजी लाने के लिए हमेशा ही सक्रियता दिखाते रहते हैं। उन्होंने सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में इसके कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सचिवालय में लोक निर्माण विभाग, एनएच और बीआरओ के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसखंड कोरिडोर को राज्य सरकार का फ्लैगशिप कार्यक्रम बताते हुए इसमें प्रस्तावित कामों में तेजी लाने के निर्देश के क्रम में बजरंग सेतु को तय समय सीमा दिसम्बर 2022 तक पूर्ण करना सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही कहा कि जो भी निर्णय लेने हैं उसे अंतिम रूप दिया जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जितने भी पुल और फ्लाईओवर हैं, वहां गति सीमा के बोर्ड लगाए जाएं। वहां ड्रेनेज की पूरी व्यवस्था हो। दुर्घटनाओं की दृष्टि से प्रदेश में डार्क स्पॉट का सर्वेक्षण कर जरूरी कदम उठाए जाएं।चारधाम यात्रा मार्ग और अन्य मार्गों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप क्रैश बैरियर में कुछ प्रगति हुई है, इसमें और तेजी लाई जाए। सड़कों के पैच वर्क का काम शीघ्रता से किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लैंडस्लाइड जोन के ट्रीटमेंट प्लान पर गम्भीरता से काम किया जाए। जहां सम्भव हो, आपदा प्रबंधन के मिटीगेशन फंड से प्रस्ताव बनाया जाए। वर्षाकालीन में मलबा आने वाले स्थानों का स्थाई समाधान हो। गढवाल-कुमाऊं कनेक्टीविटी के लिए ज्योलिकोट से कर्णप्रयाग मार्ग में तेजी लाई जाए। कैंचीधाम में बाइपास निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। शहरों में सड़कों की स्थिति के बारे में शहरी विकास, आवास और लोक निर्माण विभाग की बैठक कर ली जाए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, अपर मुख्य सचिव राधा रतूङी, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, सचिव आर मीनाक्षी सुन्दरम सहित लोक निर्माण विभाग, एनएच, बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।