फिरोजाबाद: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार - सरस जनवाद

फिरोजाबाद: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

Share

फिरोजाबाद, 20 सितम्बर (हि.स.)। थाना उत्तर पुलिस व एसओजी टीम ने बीती रात को मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली से घायल होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर सर्वेश कुमार मिश्र ने मंगलवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि थानाध्यक्ष उत्तर नरेन्द्र शर्मा व एसओजी प्रभारी रवि त्यागी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी बेंदी की पुलिया पर टीम की मोटरसाइकिल सवार एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में अभियुक्त गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बुलंदशहर के रहमानपुर निवासी मनवीर उर्फ मन्नू बताया है। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल व अवैध असलहा बरामद हुआ है।

उन्होंने बताया कि अभियुक्त थाना उत्तर के टैक्टर लूट के एक मुकदमें वर्ष 2009 में फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित था। अभियुक्त पर एक दर्जन से अधिक लूट, डकैती व चोरी के मुकदमें विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। वह दिल्ली, बुलंदशहर, गाजियाबाद व फिरोजाबाद में अपराध करता रहा है।