अपडेट…मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित धारचूला का किया दौरा

Share

धारचूला (पिथौरागढ़), 11 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री रविवार को पिथौरागढ़ जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्र धारचूला पहुंचे। उन्होंने ग्राम रांथी ( खोतिला ) में आपदा प्रभावितों से भेंट और आपदा प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का हवाई निरीक्षण भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री जवाहर सिंह नबियाल स्टेडियम धारचूला पहुंचे और ग्राम रांथी (खोतिला ) के आपदा प्रभावितों से मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावितों को हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा से हुए पूरे नुकसान का आंकलन कर रही है।

बीते शुक्रवार की रात भारतीय सीमा से लगे नेपाल के दार्चुला जिले के लास्कू गांव में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इसके चलते धारचूला तहसील का खोतिला गांव के 40 परिवारों के मकान मलबे में जमींदोज हो गए, जिसमें एक महिला का शव अभी तक बरामद किया गया है। कई लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं। सीएम को देखकर रो पड़ी महिलाएं धारचूला में आपदा प्रभावितों से मुलाकात के दौरान एक आपदा प्रभावित महिला के सामने जमीन पर बैठकर रो पड़ी। महिला को मुख्यमंत्री सहित अन्य लोगों ने फर्श से उठाकर बेंच पर बिठाया और जो भी समस्याएं हैं, उनका निराकरण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह समस्याओं के समाधान के लिए ही यहां आए हैं। समस्या बताने के दौरान अन्य कई महिलाओं की भी सीएम के सामने आंखें छलक आईं।

इसी दौरान मुख्यमंत्री ने धारचूला के मल्ली बाजार में एल धारा से गिर रहे मलबे से घरों में हुए नुकसान का भी जायजा लिया। उन्होंने सभी को हरसंभव मदद देने की बात कही। धारचूला के एलधारा का वरुणावत पर्वत की तर्ज पर ट्रीटमेंट करने की बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की विभिन्न संस्थाओं से सर्वेक्षण करा कर इसका स्थाई समाधान किया जायेगा।