– 100 दिन की कार्य योजना को सर्वाेच्च प्राथमिकता पर रखते हुए प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश
झांसी,17 जून (हि.स.)। मण्डलायुक्त डा.अजय शंकर पाण्डेय ने कमिश्नरी सभागार में झांसी, ललितपुर व जालौन जनपदों में 01 करोड़ या उससे अधिक लागत की परियोजनाओं की मण्डलीय समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिये कि मण्डल में 01 करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाओं में प्रगति लाने के साथ ही 100 दिन की कार्य योजना को सर्वाेच्च प्राथमिकता पर रखते हुए अद्यतन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें। सैनिक स्कूल झांसी के लेफ्टिनेंट कर्नल निर्मलजीत सिंह ने बताया कि उप्र राजकीय निर्माण निगम द्वारा फेज 1 में स्कूली बिल्डिंग का 96 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया है, शेष कार्य प्रगति पर है।
मण्डलायुक्त ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल परियोजनाओं का कार्य समय से गुणवत्तापूर्ण तथा पूरी पारदर्शिता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिये। मण्डलायुक्त ने सिंचाई विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं के कार्याे में प्रगति लाने के निर्देश दिये। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण कार्याे में गुणवत्ता, समयबद्वता पर विशेष ध्यान देने की जरुरत है, जो कार्य धीमी गति से चल रहे है, समयानुसार कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
मण्डलायुक्त ने झांसी, ललितपुर, जालौन में निर्माणाधीन सड़क एवं पुल निर्माण कार्याे की समीक्षा करते हुये निर्धारित समय के अन्तर्गत कार्य पूर्ण कराने के लिये सम्बन्धित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिये। बैठक के दौरान संयुक्त विकास आयुक्त श्रीमती मिथिलेश सचान, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या अधिकारी एसएन त्रिपाठी, स्क्वाइन लीडर मोहित शर्मा, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, आरटीओ सोनी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी राजेश प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल सिंह यादव, जल निगम व सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभिंयता एवं विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं व विभागों के मण्डलीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।