– नीली बत्ती लगी कार से ट्रकों से कर रहा था अवैध वसूली
हमीरपुर, 17 जून (हि.स.)। जिले में कानपुर-सागर नेशनल हाइवे-34 पर पुलिस ने एक नकली एसडीएम को ट्रकों से अवैध वसूली करते गिरफ्तार किया है। मौके से नीली बत्ती लगी बोलेरो कार और नकदी बरामद की गई है। शनिवार को अब इस नकली एसडीएम पर गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सुमेरपुर थाना क्षेत्र में गल्ला मंडी के पास नीली बत्ती लगी और एसडीएम उत्तर प्रदेश सरकार लिखी बोलेरो कार में सवार नटवरलाल के टार्च की रोशनी में मौरंग और गिट्टी के ट्रकों से अवैध वसूली किए जाने की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। सूचना पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बोलेरो कार यूपी.78जीजे-1320 को घेर लिया। इसी बीच नकली एसडीएम मौके से भागने लगा जिसे पुलिस ने दौड़ाकर दबोच लिया। पुलिस ने नटरलाल को गिरफ्तार करने के साथ ही नीली बत्ती लगी कार कब्जे में ले ली है।
इस कार में हूटर भी लगा था। मौके से 5400 रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने थाने में धारा-171, 384, 484, 419, 420, 467, 478, 411 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सुमेरपुर के इंस्पेक्टर भरत कुमार ने बताया कि बोलेरो कार में नीली बत्ती व उत्तर प्रदेश सरकार का स्टीकर लगाकर दुरुपयोग किया जा रहा था।
मंगला विहार चकेरी कानपुर निवासी अंकित सिंह पुत्र रामगोपाल सिंह नकली एसडीएम बनकर यहां मोरम के ट्रकों से अवैध वसूली कर रहा था। इसे शनिवार को जेल भेजा गया है। साथ ही नकली एसडीएम का चालक हिमांशु गुप्ता पुत्र बलराम गुप्ता फरार है जिसकी तलाश कराई जा रही है। यह भी मंगल विहार चकेरी कानपुर का रहने वाला है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बता दें कि, कुछ साल पहले यहां जिले में एक नकली एसडीएम को मोरम के ट्रकों से अवैध वसूली करते पुलिस ने दबोचा था।
एसपी शुभम पटेल ने शनिवार को दोपहर बाद बताया कि नकली एसडीएम अंकित सिंह व चालक पर गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि आरोपी पिछले कुछ माह से एसडीएम बनकर ट्रकों से अवैध वसूली कर रहा था। इसके खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद अब इन आरोपियों की गैंगस्टर एक्ट के तहतब सम्पत्ति कुर्क होगी।