– मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर व्यक्त किया दुख
बड़वानी, 16 जून (हि.स.)। जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम बरुफाटक के पास बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बालिका समेत चार बस यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में 10 लोग घायल हो गए। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख व्यक्त किया है।
डीएसपी कुंदन सिंह मंडलोई ने बताया कि एक निजी ट्रैवल्स की बस राजस्थान के भीलवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों से यात्रियों को लेकर महाराष्ट्र के पुणे ले जा रही थी। बुधवार देर रात करीब एक बजे बरूफाटक के समीप बस का टायर पंचर हो गया। बस चालक ने आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर डिवाइडर के समीप ही बस को खड़ा कर उसका टायर बदलने लगा। गर्मी के चलते यात्री बस से उतरकर डिवाइडर पर जाकर बैठ गए थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक पीछे से आया और बस को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बस आगे बढ़ गई, जिससे बाहर बैठे लोग उसकी चपेट में आ गए।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य आरंभ किया। चालक भी बस में फंस गया था। सभी यात्रियों को बस से निकालकर ठीकरे के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतकों में राजस्थान से सेमलिया निवासी 30 वर्षीय बग्गा दांगी और उनकी 5 वर्षीय पुत्री, 35 वर्षीय कमलेश मीणा के अलावा एक अन्य 30 वर्षीय पुरुष शामिल है। वहीं, 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें ठीकरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीएसपी मंडलोई के अनुसार हादसे के बाद क्रेन और जेसीबी की सहायता से बस और ट्रक को राजमार्ग से हटाकर यातायात को सुचारू किया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला भी गुरुवार सुबह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बड़वानी के ठीकरी थाना क्षेत्र में देर रात खड़ी बस में ट्रक की टक्कर से हुई दुर्घटना में अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें,करबद्ध प्रार्थना। ॐ शांति।