कोल साइडिंग में तौल के दौरान हुई दुर्घटना, परिवहन हुआ प्रभावित
अनूपपुर, 16 जून (हि.स.)। एसईसीएल हसदेव क्षेत्र अंतर्गत राजनगर आरओ साइडिंग पर गुरूवार को कोयला भर कर तौल करा रही मालगाड़ी के पांच डिब्बे बेपटरी हो गए। इसकी वजह से कई घंटों तक इस ट्रैक पर कोयले का परिवहन बाधित रहा, हालांकि सुबह तक रेल ट्रेक बहाल हो गया।
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजनगर आरओ कोयला साइडिंग में बुधवार को साइडिंग से कोयला लोड कर तौल कराने मालगाड़ी कांटाघर की ओर बढ़ी, जहां तौल के दौरान 60 कोयला लोड वैगन में इंजन के साथ 32 वैगन के गुजरने के उपरांत पीछे के पांच डिब्बे बेपटरी हो गए। इनमें इएसआर 22101156264, इसीआर 2210161218, एसइआर 22071610193, एसइआर 22141061801, एनआर 220320१19065 वैगन शामिल हैं।
ट्रैक मेंटेनेंस नहीं होना बता रहे वजह
इस दुर्घटना के पीछे रेलवे अधिकारी एसईसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। बताया गया कि कोल साइडिंग के ट्रैक मेंटेनेंस की जिम्मेदारी कॉलरी प्रबंधन की है। जिसे कॉलरी प्रबंधन ने पिछले कई वर्षों से मेंटेनेंस नहीं कराया है। जिसके कारण रेलवे ट्रैक पूरी तरह से खस्ताहाल हो चुका है। इसी लापरवाही में आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बुधवार को कोयला लोड मालगाड़ी के गुजरने के दौरान पटरी जवाब दे गई। बेपटरी हुए मालगाड़ी के डिब्बे में कई घंटों बाद भी सुधार कार्य चलता रहा और पूरी रात्रि कार्य जारी रहा। गुरूवार की सुबह सेवा बहाल हो गई। इस दुर्घटना की वजह से बुधवार को राजनगर आरओ साइडिंग से कोयले का परिवहन नहीं हो पाया है। विदित हो कि इससे पूर्व भी बिजुरी कोयला साइडिंग एरिया में कई दुर्घटनाएं सामने आई थी। वहीं इस रूट पर आए दिन ट्रेन डिलेरमेंट की खबर सामने आती रहती है।