अनूपपुर, 8 जून (हि.स.)। जिले के ग्राम पंचायत पसला के ग्रामीणों ने सड़क ख़राब होने को लेकर नाराजगी जताते हुए बुधवार को रेत का परिवहन कर रहे वाहनों को रोक लिया। नाराज ग्रामीणों ने विरोध करते हुए वाहनों का सड़कों पर आवागमन पूरी तरह से बंद करने की मांग की। रेत ठेकेदार ने 24 घंटे के अंदर सडक की मरम्मत का आश्वासन दिया, जिसके बाद वापस रेत के वाहनों का परिवहन शुरू हुआ।
ग्राम पंचायत पसला के ग्रामीणों ने बुधवार को पसला सोन नदी से रेत का परिवहन कर रहे रेत वाहनों को रोक कर बंद किये जाने के लिए प्रर्दशन किया। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क ग्रामीणों के आवागमन के लिए बनाई गई थी और इस पर रेत वाहनों की वजह से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। साथ ही बारिश का मौसम भी नजदीक है। बरसात की वजह से इस सड़क पर चलना दूभर हो जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि सोन नदी से रेत का परिवहन ग्राम पसला से अन्य जगह पर होता हैं। जिससे पसला में बने प्रधानमंत्री सड़क जर्जर हो गई। सड़क जर्जर होने से दुर्घटना की संभावना बनी रहती हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भारी भरकम रेत के वाहन गांव से गुजरते हैं। जिससे गांव मे बनी प्रधानमंत्री सड़क की हालत जर्जर हो चुकी है।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि रेत ठेकेदार द्वारा 24 घंटे के अंदर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। तो इन वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बाधित कर दिया जाएगा। रेत ठेकेदार ने 24 घंटे के अंदर सडक की मरम्मत का आश्वासन दिया, जिसके बाद वापस रेत के वाहनों का परिवहन शुरू हुआ।