रतलाम, 8 जून (हि.स.)। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत जिले में होने वाली निर्वाचन प्रक्रिया के लिए नियोजित मतदानकर्मियों का प्रथम प्रशिक्षण सत्र जिले के विकासखंड मुख्यालयों पर आयोजित किया गया। प्रेक्षक डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने रतलाम, जावरा एवं पिपलौदा में उक्त प्रशिक्षण का निरीक्षण किया।
प्रेक्षक ने प्रशिक्षण ले रहे कर्मचारियों से भी प्रशिक्षण संबधी जानकारी ली। इसी तरह आलोट, सैलाना एवं जावरा मुख्यालय पर भी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। उक्त प्रशिक्षण विकासखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रदान किया गया। जिले में प्रथम प्रशिक्षण के दौरान 1600 से अधिक मतदानकर्मी मौजूद थे ।
मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मतदान दलों में शामिल मतदान कर्मियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित समस्त जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मास्टर ट्रेनर्स द्वारा यह भी बताया गया कि मतदान के कार्य को पूर्ण गंभीरता से किया जाए। इस दौरान मतदानकर्मियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी मास्टर ट्रेनर द्वारा किया गया।